• बेबीलोन के सम्‍बन्‍ध में नबूवत

  • |यिर्मयाह 50:1|  a  प्रभु ने नबी यिर्मयाह के माध्‍यम से कसदी जाति के बेबीलोन देश के सम्‍बन्‍ध में यह कहा;

  • |यिर्मयाह 50:2| ‘सब देशों में यह घोषणा करो, राष्‍ट्रों में यह सन्‍देश सुनाओ, ध्‍वजा फहराओ, और घोषणा करो और समाचार को मत छिपाओ, किन्‍तु यह कहो : “बेबीलोन पराजित हो गया, उसका राष्‍ट्रीय देवता बेल इस पराजय से अपमानित हुआ, मरोदक देवता व्‍याकुल हो गया। उसकी मूर्तियों का मुंह काला हो गया; उसकी प्रतिमाओं का गौरव धूल में मिल गया।”

  • |यिर्मयाह 50:3| ‘उत्तर दिशा से एक राष्‍ट्र ने उस पर आक्रमण किया है। वह बेबीलोन देश को उजाड़ देगा, और वह निर्जन हो जाएगा। मनुष्‍य और पशु, सब प्राणी वहां से भाग जाएंगे।’
  • इस्राएलियों की स्‍वदेश वापसी

  • |यिर्मयाह 50:4| प्रभु कहता है, ‘उन दिनों में, उस समय इस्राएल प्रदेश और यहूदा प्रदेश के लोग एक साथ लौटेंगे। वे पश्‍चात्ताप के कारण रोते हुए लौटेंगे, और अपने प्रभु-परमेश्‍वर को खोजेंगे।

  • |यिर्मयाह 50:5| वे सियोन की ओर उन्‍मुख हो, यह पूछेंगे, “सियोन का मार्ग कौन-सा है?” वे परस्‍पर यह कहेंगे, “आओ, हम प्रभु के साथ शाश्‍वत विधान स्‍थापित करें, जो कभी भुलाया न जा सकेगा। आओ, हम प्रभु से मेल-मिलाप कर लें।”

  • |यिर्मयाह 50:6| ‘मेरे निज लोग भटकी हुई भेड़ें हैं। उनके चरवाहों ने उनको भटका दिया है। वे उनको पहाड़ों पर भटकाते रहे। भेड़ें एक पहाड़ से दूसरे पहाड़ पर गईं, और वे अपने बाड़ों को भूल गईं।

  • |यिर्मयाह 50:7| जिन्‍होंने भटकी हुई भेड़ों को पाया, वे उनको खा गए। उनके शत्रुओं ने कहा, “हमारा इसमें कोई दोष नहीं है; क्‍योंकि उन्‍होंने अपने सच्‍चे प्रभु के प्रति पाप किया है; ऐसा प्रभु जो धर्म का आधार है, जो उनके पूर्वजों का आश्रय था।”
  • बेबीलोन का पतन

  • |यिर्मयाह 50:8| ‘ओ इस्राएलियो, बेबीलोन देश से भाग जाओ, कसदी कौम के देश से बाहर निकलो। जैसे बाड़ा खुलने पर बकरा पहले बाहर निकलता है, वैसे ही तुम इस देश से सर्वप्रथम बाहर निकलो। b 

  • |यिर्मयाह 50:9| क्‍योंकि, देखो, मैं उत्तर के देश से राष्‍ट्रों के एक दल को उभाड़ कर ला रहा हूं। वे बेबीलोन पर आक्रमण करेंगे। वे उसके विरुद्ध युद्ध के लिए पंिक्‍तबद्ध होंगे। वे उत्तर दिशा से बेबीलोन पर अधिकार कर लेंगे। उनके बाण मानो कुशल योद्धा हैं, जो युद्ध से कभी खाली हाथ नहीं लौटता।

  • |यिर्मयाह 50:10| कसदी कौम का देश लूट लिया जाएगा। लूटने वाले उसको इतना लूटेंगे कि वे अघा जाएंगे।’ प्रभु की यह वाणी है।


COOKIES

Utilizamos cookies para oferecer melhor experiência, melhorar o desempenho, analisar como você interage em nosso site e personalizar conteúdo. Ao utilizar este site, você concorda com o uso de cookies.

Dados Essenciais

Os dados essenciais são necessários para executar o site que você está visitando. Você não pode desativá-los.